अवैध सॉल्वेंट कारोबार पर बड़ी कार्रवाई: 1,680 लीटर केमिकल जब्त, मुख्य आरोपी गिरफ्तार


जिले में अवैध पेट्रोलियम पदार्थों के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1680 लीटर अवैध सॉल्वेंट/केमिकल से भरे आठ ड्रम जब्त कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना टीडी क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-48 के किनारे की गई।
पुलिस अधीक्षक उदयपुर योगेश गोयल के निर्देशों पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) गोपाल स्वरूप मेवाड़ा के सुपरविजन में पुलिस उप अधीक्षक वृत गिर्वा गोपाल चंदेल के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि राजसमंद जिले के तासोल निवासी मुकेश वैष्णव हाईवे पर चलने वाले टैंकरों के चालकों से सांठगांठ कर सस्ती दर पर पेट्रोलियम पदार्थ खरीदकर उसका अवैध भंडारण और कालाबाजारी कर रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांव पाटिया स्थित मातेश्वरी होटल के पीछे बने एक गोदाम पर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी मुकेश वैष्णव गोदाम खुला छोड़कर भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उसे मौके से पकड़ लिया। गोदाम की तलाशी लेने पर वहां भारी मात्रा में सॉल्वेंट/केमिकल का अवैध भंडारण पाया गया।
मौके पर जिला रसद विभाग की टीम को बुलाकर सैंपलिंग करवाई गई। जांच में गोदाम में संग्रहित तरल पदार्थ सॉल्वेंट/केमिकल पाया गया, जिसका भंडारण आरोपी द्वारा बिना वैध लाइसेंस किया जा रहा था। पुलिस ने गोदाम से कुल आठ ड्रमों में भरा 1680 लीटर अवैध सॉल्वेंट/केमिकल जब्त किया।
पुलिस ने आरोपी मुकेश वैष्णव को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, त्वरित अनुसंधान प्रकोष्ठ उदयपुर रामेश्वर परिहार द्वारा की जा रही है।









