उदयपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध हथियार बरामद, दोहरे हत्याकांड में 7 आरोपी गिरफ्तार


जिले में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए खेरवाड़ा थाना क्षेत्र में अवैध हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया, वहीं बागपुरा थाना क्षेत्र के दोहरे हत्याकांड का खुलासा कर 7 आरोपियों को पकड़ा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, खेरवाड़ा थाना पुलिस ने मुखबिर सूचना पर कार्रवाई करते हुए सुरेंद्र सिंह पुत्र देवेंद्र सिंह, निवासी सिलावट, थाना राजाखेड़ा (धौलपुर) को अवैध देशी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी हथियार बेचने की फिराक में था।
वहीं बागपुरा थाना क्षेत्र में 13 मार्च को हुए दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने 7 आरोपियों—कन्हैयालाल उर्फ करण, अभिषेक, जितेंद्र, हरीश, एम्मानुएल उर्फ हिमांशु, मनीष और पंकज—को गिरफ्तार किया है। मामले में पहले 3 नाबालिगों को भी डिटेन किया जा चुका है।
प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद को घटना का कारण माना जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।









