ऑपरेशन त्रिनेत्र: इनामी आरोपी सहित तीन व्यक्ति गिरफ्तार


अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत अलग-अलग थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाइयों में पुलिस ने एक इनामी आरोपी सहित तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। मामलों में नशीले पदार्थों की बरामदगी भी की गई है।
पहले मामले में हिरणमगरी थाना क्षेत्र में एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में वांछित 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी सुरेश निवासी भूतिया, कुराबड़ को गिरफ्तार किया गया। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। गिरफ्तारी के बाद उससे आगे की पूछताछ जारी है।
दूसरे घटनाक्रम में डबोक थाना क्षेत्र में तीन दिन के भीतर दो अलग-अलग कार्रवाइयों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पहली कार्रवाई में आरोपी रतनलाल के कब्जे से 4 किलो 700 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया।
वहीं दूसरी कार्रवाई में आरोपी गजेन्द्र सिंह निवासी भाटियों का कुआं के कब्जे से 5.95 ग्राम एमडीएमए एवं एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल जब्त की गई। दोनों मामलों में संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच जारी है।









