एमडीएमए तस्करी मामले में 3 साल से फरार दो आरोपी गिरफ्तार


अवैध मादक पदार्थ एमडीएमए की तस्करी से जुड़े मामले में तीन वर्षों से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई ऑपरेशन त्रिनेत्र अभियान के तहत की गई, जिसमें लंबे समय से फरार आरोपियों की तलाश की जा रही थी।
यह मामला थाना सुखेर में दर्ज प्रकरण से संबंधित है जिसमे पूर्व में एक आरोपी को एमडीएमए के साथ गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान उसने मादक पदार्थ की आपूर्ति हिम्मत उर्फ राहुल और उसके सहयोगी अल्पेश से होना बताया था, जिसके बाद से दोनों आरोपी फरार चल रहे थे।
जांच के दौरान दोनों आरोपियों के खिलाफ न्यायालय से वारंट जारी किए गए थे और उनकी तलाश जारी थी। तकनीकी संसाधनों और सूचना तंत्र के आधार पर दोनों को 24 मार्च 2026 को हाथीपोल पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी हिम्मत उर्फ राहुल पुत्र नारायण तथा अल्पेश पुत्र गौतम, निवासी मूंगाणा, थाना पारसोला, जिला प्रतापगढ़ हैं।
मामले में आगे की जांच जारी है और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है।








