एमडीएमए तस्करी के मामले में विदेशी आरोपी गिरफ्तार, हिस्ट्रीशीटर भी दबोचा गया

 एमडीएमए तस्करी के मामले में विदेशी आरोपी गिरफ्तार, हिस्ट्रीशीटर भी दबोचा गया

उदयपुर जिले के सविना थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए एमडीएमए बेचने के मामले में एक विदेशी नागरिक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान नाइजीरिया के ओगबोलु जोसेफ टोबेचुक्वु उर्फ जॉय, उम्र 30 वर्ष, (वर्तमान पता गुप्तेश्वर नगर, सविना) के रूप में हुई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार एमडीएमए की खरीद-फरोख्त से जुड़े एक अन्य प्रकरण में की गई जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि अवैध मादक पदार्थ विदेशी आरोपी से प्राप्त किया गया था, जिसके बाद उसकी तलाश कर गिरफ्तारी की गई। आरोपी वर्तमान में न्यायिक अभिरक्षा में है और उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच जारी है।

इसी थाना क्षेत्र में एक अन्य कार्रवाई में अवैध वसूली और जान से मारने की धमकी देने के मामले में सेक्टर-09, सविना निवासी इनायत पिंजारा को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के विरुद्ध बीएनएस 2023 की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी गंभीर प्रकृति के कुल 16 प्रकरण दर्ज बताए गए हैं।

Related post