डोडा चूरा और अफीम के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, 257 किलो से अधिक मादक पदार्थ बरामद


जिले के टीडी थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से 257.390 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा और 120 ग्राम अफीम बरामद की गई है। साथ ही एक कार और मादक पदार्थ तैयार करने में उपयोग होने वाले उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार कार्रवाई राष्ट्रीय राजमार्ग-48 के पास पाटिया क्षेत्र में एक किराये के मकान में की गई। यहां से धर्मचंद्र मीणा (22) निवासी खेड़ा घाटी, थाना टीडी और नितेश उर्फ हितेश उर्फ चिकू गाड़री (20) निवासी बाठरड़ा खुर्द को गिरफ्तार किया गया।
मौके से 11 प्लास्टिक कट्टों में भरा डोडा चूरा, अफीम, पीसने की चक्कियां, इलेक्ट्रिक कांटे, मिक्सर-ग्राइंडर मशीनें और पैकिंग सामग्री भी बरामद की गई। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।









