अवैध बॉयो डीजल के खिलाफ बड़ी कार्यवाही, भारी मात्रा में बॉयो डीजल सहित एक टैंकर व एक ट्रक जब्त

 अवैध बॉयो डीजल के खिलाफ बड़ी कार्यवाही, भारी मात्रा में बॉयो डीजल सहित एक टैंकर व एक ट्रक जब्त

उदयपुर जिले में अवैध बॉयो डीजल के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में बॉयो डीजल सहित एक बिना नंबरी टैंकर और एक ट्रक को जब्त किया है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर योगेश गोयल के निर्देशों पर अवैध कारोबार और कालाबाजारी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) गोपाल स्वरूप मेवाड़ा के सुपरविजन में तथा पुलिस उप अधीक्षक वृत गिर्वा गोपाल चंदेल के नेतृत्व में वृत गिर्वा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सूचना तंत्र विकसित किया गया। इसी क्रम में दिनांक 31 दिसंबर 2025 को सूचना प्राप्त हुई कि नवीन प्रकाश, निवासी बनोड़ा, थाना सलूंबर, हाईवे रोड टीडी की ओर से गुजरने वाले वाहनों में सस्ते दामों पर अवैध बॉयो डीजल और केमिकल का विक्रय कर रहा है।

सूचना के आधार पर वृत गिर्वा कार्यालय से त्रिलोक नाथ एएसआई, भीम सिंह, हरलाल, प्रदीप सिंह एवं कुशाल की टीम गठित की गई तथा थाना टीडी के थानाधिकारी देवेंद्र सिंह को मौके पर पहुंचकर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। मौके पर एक बिना नंबरी टैंकर से ट्रक नंबर आरजे 27 जीडी 0017 में बॉयो डीजल भरा जा रहा था, जिस पर दोनों वाहनों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।

इसके पश्चात 1 जनवरी 2026 को जिला रसद अधिकारी उदयपुर को सूचना देकर सेम्पलिंग के लिए टीम को मौके पर बुलाया गया। जिला रसद विभाग से हिमानी सिंह सोलंकी, प्रवर्तन निरीक्षक, तथा पीबीएस से धर्मेंद्र मौके पर पहुंचे। वृताधिकारी गिर्वा के नेतृत्व में की गई सेम्पलिंग के दौरान टैंकर और ट्रक में भरा ईंधन बॉयो डीजल पाया गया, जिस पर दोनों वाहनों को विधिवत जब्त कर लिया गया।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी नवीन प्रकाश ने टीडी नाल क्षेत्र में होटल रामदेव के पीछे एक भूमिगत टैंक बना रखा है, जिसमें अवैध रूप से बॉयो डीजल का भंडारण किया जाता था। इसी टैंक से बिना नंबरी टैंकर में बॉयो डीजल भरकर विभिन्न स्थानों पर वाहनों में इसकी आपूर्ति की जाती थी। पुलिस टीम द्वारा इस भूमिगत टैंक की भी सेम्पलिंग करवाई गई, जिसमें बॉयो डीजल पाया गया। टैंक में भारी मात्रा में अवैध बॉयो डीजल संग्रहित होने के चलते उसे सीज कर दिया गया।

सम्पूर्ण कार्रवाई के पश्चात आरोपी नवीन प्रकाश के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम एवं भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया है। उल्लेखनीय है कि आरोपी पूर्व में भी बॉयो डीजल के भंडारण और सप्लाई के मामलों में संलिप्त रहा है। अक्टूबर 2025 में भी उसके खिलाफ कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में बॉयो डीजल जब्त किया गया था तथा उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। वर्तमान में आरोपी फरार है, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।

Related post