सूरजपोल में कार आगजनी का 24 घंटे में खुलासा, पड़ोसी विवाद निकला कारण


उदयपुर के सूरजपोल थाना क्षेत्र में 18 मार्च की रात हुई कार आगजनी की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। क्षेत्र की ठक्कर बप्पा कॉलोनी निवासी विजय परदेशी की कार को देर रात आग के हवाले कर दिया गया था, जिससे वाहन का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, वहीं पुलिस ने तत्परता से मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की पड़ताल के लिए गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपी रामचंद्र को चिन्हित कर गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी और पीड़ित के बीच वाहन पार्किंग को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोपी ने इसी रंजिश के चलते शराब के नशे में मोटरसाइकिल से पेट्रोल निकालकर कार के टायर पर छिड़ककर आग लगा दी। पुलिस अब मामले में आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई कर रही है।









