डबोक: घर में घुसकर आगजनी का मामला, चार आरोपी गिरफ्तार


उदयपुर जिले के डबोक थाना क्षेत्र में घर में घुसकर तोड़फोड़ और आगजनी करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह घटना 1 फरवरी 2026 की रात की है, जब पीड़ित परिवार घर पर मौजूद नहीं था। इसी दौरान आरोपियों ने आपसी विवाद के चलते मकान का ताला तोड़कर जबरन प्रवेश किया और घर में रखे बिस्तर व कपड़ों पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
इस घटना में घर का पलंग, अलमारी, किवाड़, कपड़े और विद्युत फिटिंग सहित अन्य सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों एवं आसूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में कुंदन, कुलदीप उर्फ मांगा, महावीर और अर्जुन शामिल हैं । वारदात में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त किया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आगजनी की यह घटना आपसी विवाद के कारण की गई। पुलिस द्वारा प्रकरण में आगे की जांच जारी है तथा अन्य सभी पहलुओं की भी गहनता से पड़ताल की जा रही है।








