साधु बनकर ठगी करने वाले दो शातिर बदमाश गिरफ्तार


जिले के सविना थाना क्षेत्र में साधु का वेश धारण कर लोगों को बातों में उलझाकर सोने के जेवरात ठगने वाले दो शातिर बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह मामला 28 जनवरी 2026 का है, जब सेक्टर-14 क्षेत्र में एक व्यक्ति मंदिर दर्शन कर घर लौट रहा था। रास्ते में कार सवार दो व्यक्तियों ने उसे रोका, खुद को साधु बताकर बातों में उलझाया और उसके हाथों में पहनी दो सोने की अंगूठियां व एक सोने की चेन उतरवाकर मौके से फरार हो गए।
पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और आसूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांधीनगर (गुजरात) निवासी नरसिंहनाथ और राजूनाथ के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने पूर्व में भी इसी तरह की एक अन्य ठगी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह में एक व्यक्ति वाहन चालक की भूमिका में रहता था, जबकि दूसरा साधु का भेष धारण कर सुबह या शाम के समय अकेले पैदल चलने वाले बुजुर्गों को निशाना बनाता था। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों द्वारा अन्य वारदातें भी की गई हो सकती हैं।
दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।









