जिला प्रशासन ने जारी की गणगौर पर्व एवं ईद के दौरान यातायात व्यवस्था


गणगौर उत्सव, मेवाड़ महोत्सव और ईद-उल-फितर के एक ही दिन आयोजित होने के चलते उदयपुर शहर में विशेष यातायात प्रबंधन लागू किया जाएगा। प्रशासन ने प्रमुख मार्गों पर समयबद्ध प्रतिबंध और वैकल्पिक मार्ग तय किए हैं, ताकि शोभायात्राओं और नमाज के दौरान व्यवस्था सुचारू बनी रहे तथा आमजन को न्यूनतम असुविधा हो।
प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी गणगौर उत्सव एवं मेवाड़ महोत्सव 2026 का आयोजन दिनांक 21-03-2026 को किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न स्थानों से अलग-अलग समाजों की गणगौर प्रतिमाएं निकलेंगी एवं विभिन्न मंदिरों से अलग-अलग गणगौर की सवारियां शोभायात्रा के रूप में रवाना होकर सूरजपोल, अंबामाता, धनमंडी, हाथीपोल, घंटाघर आदि क्षेत्रों से गुजरते हुए जगदीश चौक होकर गणगौर घाट उदयपुर पहुंचेगी।
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मुस्लिम समुदाय द्वारा चांद दिखने पर दिनांक 21-03-2026 को ईद-उल-फितर का पर्व मनाया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य नमाज प्रातःकाल पलटन मस्जिद, चेतक सर्कल एवं जामा मस्जिद, चमनपुरा में अदा की जाएगी। अतः इन दोनों पर्वों पर यातायात व्यवस्था निम्न प्रकार रहेगी।
गणगौर त्योहार एवं मेवाड़ महोत्सव पर यातायात व्यवस्था:
प्रभावित क्षेत्र:
- हाथीपोल से हरसेन जी का खुर्रा, घंटाघर से जगदीश चौक की तरफ
- चांदपोल से गणगौर घाट, जगदीश चौक की तरफ
- रंग निवास से पर्यटन थाना, जगदीश चौक की तरफ
- अस्थल मंदिर, मुखर्जी चौक, घंटाघर की तरफ से जगदीश चौक की तरफ
- मंडी गेट से भट्टजी घाटी, बड़ा बाजार, घंटाघर की तरफ
गणगौर त्योहार एवं मेवाड़ महोत्सव के दौरान शहर के उपरोक्त क्षेत्रों में दोपहर 02:00 बजे से 04:00 बजे तक केवल दुपहिया वाहनों का आवागमन रहेगा तथा 04:00 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
ईद की नमाज के दौरान यातायात व्यवस्था:
पलटन मस्जिद चेतक सर्कल एवं जामा मस्जिद चमनपुरा पर नमाज के दौरान प्रातः 06:00 बजे से नमाज समाप्ति तक:
प्रभावित क्षेत्र:
- कोर्ट चौराहा से चेतक मार्ग होकर हॉस्पिटल रोड की ओर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूर्णतः बंद रहेगा। कोर्ट चौराहा से बंसी पान, एमबी कॉलेज मार्ग पर आवागमन सुचारू रहेगा।
- हाथीपोल से चेतक मार्ग होकर एस.बी.बी.जे. मार्ग पर आवागमन पूर्णतः बंद रहेगा। इस दौरान हाथीपोल होकर झरिया वाला मार्ग, शिक्षा भवन चौक मार्ग से आवागमन रहेगा।
- शिक्षा भवन चौराहा से कोर्ट चौराहा एवं हाथीपोल मार्ग पर चलने वाला यातायात झरिया मार्ग एवं देहलीगेट होकर आ-जा सकेगा।
- लोक कला मंडल, पहाड़ी बस स्टैंड से चेतक मार्ग होकर हाथीपोल जाने वाले मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूर्णतः बंद रहेगी।
- शिक्षा भवन से हाथीपोल होकर लोहार बाजार मार्ग तथा हाथीपोल से लोहार बाजार होकर शिक्षा भवन चौक की तरफ जाने वाला यातायात पूर्णतः बंद रहेगा।
- अश्विनी बाजार से हाथीपोल की तरफ तथा हरसेन जी का खुर्रा से हाथीपोल तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन बंद रहेगा।
- गोगुंदा, माउंट आबू एवं नाथद्वारा जाने वाली सवारी वाहन एवं बसें कोर्ट चौराहा से मीरा गर्ल्स कॉलेज, लोक कला मंडल, मोहन पार्क होते हुए पहाड़ी बस स्टैंड आ सकेंगी तथा यूआईटी चौराहा, सहेली नगर, फतहपुरा चौकी होते हुए गंतव्य स्थानों तक जा सकेंगी।
- नमाज अदा करने वालों के लिए वाहनों की पार्किंग व्यवस्था कब्रिस्तान (शिक्षा भवन की तरफ) की दीवार के सहारे एवं चेतक चर्च की दीवार के सहारे रहेगी।
उपरोक्त सभी क्षेत्रों में प्रतिबंध होने से आमजन से वाहन न लाने की अपील की जाती है। एम्बुलेंस एवं फायर ब्रिगेड का प्रवेश सुचारू रहेगा।
समस्त नागरिकों से मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की जाती है। उदयपुर यातायात पुलिस आमजन को सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराने हेतु प्रतिबद्ध है।









