बिना लाइसेंस पटाखा भंडारण का भंडाफोड़, 20 लाख के पटाखे जब्त

 बिना लाइसेंस पटाखा भंडारण का भंडाफोड़, 20 लाख के पटाखे जब्त

उदयपुर के हिरणमगरी थाना क्षेत्र में बिना लाइसेंस भारी मात्रा में पटाखों का भंडारण किए जाने का मामला सामने आया है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस और डीएसटी टीम ने एक गोदाम पर दबिश देकर लगभग 20 लाख रुपये मूल्य के पटाखे जब्त किए हैं। इस दौरान मौके से एक व्यक्ति को डिटेन किया गया है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई सिटी सेंटर क्षेत्र में स्थित एक गोदाम पर की गई, जहां बिना वैध लाइसेंस विस्फोटक सामग्री का भंडारण किया जा रहा था। जांच के दौरान आरोपी लोकेश निवासी हाथीपोल को हिरासत में लिया गया।

इस संबंध में थाना हिरणमगरी में धारा 288 बीएनएस एवं 9 बी विस्फोटक अधिनियम में मामला दर्ज किया गया है। मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है।

पुलिस का कहना है कि बिना लाइसेंस पटाखा भंडारण न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि जन-सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न करता है। मामले में जब्त सामग्री की विस्तृत जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि पटाखों का भंडारण किस उद्देश्य से और कितने समय से किया जा रहा था।

Related post