रात में मजदूर की हत्या का खुलासा: एक आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग डिटेन


हिरणमगरी थाना क्षेत्र में लूट के इरादे से मजदूर की चाकू मारकर हत्या किए जाने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक कानून से संघर्षरत नाबालिग को डिटेन किया गया है। घटना में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
घटना का विवरण
5 फरवरी 2026 की तड़के विजयसिंह पथिक नगर निवासी मजदूर प्रेम गमेती रोज़ की तरह हमाली कार्य के लिए सुबह करीब 4:30 बजे घर से निकले थे। कुछ समय बाद उन्होंने पत्नी को फोन कर बताया कि रास्ते में तीन लोगों ने उन पर चाकू से हमला किया है। परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें सैटेलाइट अस्पताल ले जाया गया, जहां से महाराणा भूपाल अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। इस संबंध में हिरणमगरी थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ईश्वर अहारी उर्फ जैरी (21) निवासी श्यामपुरा बैसला फला, थाना कल्याणपुर (हाल निवासी कच्ची बस्ती, विजयसिंह पथिक नगर) तथा एक नाबालिग की पहचान की गई। दोनों के गुजरात की ओर भागने की सूचना मिलने पर संबंधित थानों की मदद से नाकाबंदी कर उन्हें बस से डिटेन किया गया।
उदयपुर लाते समय रास्ते में दोनों ने वाहन रुकवाकर भागने का प्रयास किया और हाईवे किनारे खाई में कूद गए। पीछा कर उन्हें पकड़ लिया गया। गिरने से आई चोटों का उपचार गीतांजली अस्पताल में कराया गया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि नाबालिग को बाल डेस्क पर प्रस्तुत किया गया। घटना में शामिल तीसरे आरोपी जगदीश उर्फ जग्गू की तलाश जारी है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।








