बाघपुरा क्षेत्र में जमीन विवाद में हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार


जिले के बाघपुरा थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट तदुपरांत उपचार के दौरान मौत के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 जनवरी 2026 की रात करीब 10 बजे बाघपुरा थाना क्षेत्र के सायला गांव में पानी की टंकी के पास बैठे प्रकाश और उसके भाई सुरेश पर शराब के नशे में आए परिजनों ने लाठी, कुल्हाड़ी और तलवार से हमला कर दिया। हमले में प्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गया था। घायल प्रकाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
इस संबंध में दर्ज मामले में पुलिस ने कन्हैयालाल पुत्र लिम्बाराम और अमृत पुत्र लिम्बाराम, निवासी घाटी फला सायला, थाना बाघपुरा, जिला उदयपुर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लाठी और कुल्हाड़ी भी बरामद की गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।








