मावली में हत्या का खुलासा: 48 घंटे में छह आरोपी गिरफ्तार

 मावली में हत्या का खुलासा: 48 घंटे में छह आरोपी गिरफ्तार

मावली क्षेत्र में हुई हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर छह वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार गठित विशेष टीमों द्वारा की गई।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी हमेंद्र निवासी सेक्टर-11, हिरणमगरी (हाल निवासी गुडली, मावली) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 31 जनवरी 2026 की सुबह वह अपने साथी शंकरलाल के साथ जोगणिया माता जी जाने के लिए कार से निकला था। रास्ते में उन्होंने अपने मित्र प्रभुलाल, नंदू और लक्ष्मण को भी साथ ले लिया। भूतरा बस स्टैंड के पास पहुंचने पर शंकरलाल के मोबाइल पर फोन आया, जिस पर वह कार से बाहर निकले। इसी दौरान चार मोटरसाइकिलों पर सवार करीब आठ लोगों ने शंकरलाल पर अचानक हमला कर दिया।

हमलावरों ने शंकरलाल के साथ मारपीट की और सिर पर पत्थरों से वार किया। आरोपियों ने कार पर भी पत्थर फेंके। गंभीर रूप से घायल शंकरलाल को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की, पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक शंकरलाल और आरोपियों के बीच पुरानी रंजिश थी। पूर्व में भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट के मामले दर्ज होकर न्यायालय में विचाराधीन रहे हैं। इसी आपसी विवाद के चलते आरोपियों ने 31 जनवरी को शंकरलाल पर हमला कर उसकी हत्या कर दी।

आसूचना एवं तकनीकी सहयोग के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने छह आरोपियों किशनलाल, प्रेमशंकर, मोहनलाल, रोडीलाल और कमलेश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा मामले में आगे की जांच की जा रही है।

Related post