मोटरसाइकिल ओवरटेक विवाद में युवक की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार, चार नाबालिग निरुद्ध

 मोटरसाइकिल ओवरटेक विवाद में युवक की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार, चार नाबालिग निरुद्ध

उदयपुर जिले के बावलवाड़ा थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल ओवरटेक करने के विवाद में हुई हत्या के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि चार नाबालिगों को निरुद्ध किया गया है।

जानकारी के अनुसार, कैलाश पुत्र नवला, निवासी ढीकवास (थाना बावलवाड़ा, जिला उदयपुर) ने शिकायत दर्ज कराई कि 27 फरवरी की शाम करीब 6:30 बजे उसका पुत्र राकेश, राहुल तथा उनके साथी उमेश सिंह उर्फ कालू, सतीश और अनिल अपनी-अपनी मोटरसाइकिलों से फालसिया से अपने गांव ढीकवास लौट रहे थे। रास्ते में नाल फला ढीकवास के पास सामने से आ रहे जगदीश पुत्र लक्ष्मण सिंह, जितेन्द्र सिंह पुत्र मोहन सिंह और उनके साथियों के साथ मोटरसाइकिल ओवरटेक करने को लेकर कहासुनी हो गई। इस दौरान आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए मारपीट की धमकी दी और वहां से आगे निकल गए।

कुछ समय बाद जब राकेश और उसके साथी कानपुर ढोल क्षेत्र में गए, तो वहां आरोपियों से दोबारा आमना-सामना हो गया। आरोप है कि इसी दौरान आरोपियों ने चाकुओं से हमला कर दिया। हमले में राकेश को गंभीर चोटें लगीं और उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि उमेश सिंह उर्फ कालू घायल हो गया।

मामले में जगदीश कुमार और जितेन्द्र सिंह निवासी बावलवाड़ा को गिरफ्तार किया गया है। चार विधि से संघर्षरत बालकों को भी निरुद्ध कर किशोर न्याय बोर्ड में पेश किया गया है। प्रकरण में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच जारी है।

Related post