उदयपुर में पुलिस का बड़ा ऑपरेशन: अलसुबह 710 जगहों पर दबिश, 259 अपराधी गिरफ्तार

 उदयपुर में पुलिस का बड़ा ऑपरेशन: अलसुबह 710 जगहों पर दबिश, 259 अपराधी गिरफ्तार

जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए उदयपुर पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए अलसुबह एक साथ 710 से अधिक स्थानों पर दबिश दी। इस व्यापक कार्रवाई में कुल 259 अपराधी एवं आपराधिक प्रवृत्ति के बदमाशों को गिरफ्तार किया गया।

महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज श्री गौरव श्रीवास्तव एवं जिला पुलिस अधीक्षक श्री योगेश गोयल के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान में जिले के सभी वृताधिकारी एवं थानाधिकारी शामिल रहे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री उमेश ओझा, मुख्यालय श्री गोपाल स्वरूप मेवाड़ा एवं खेरवाड़ा श्रीमती अंजना सुखवाल के सुपरविजन में 102 से अधिक टीमों का गठन किया गया। अभियान में करीब 446 पुलिस अधिकारी एवं जवानों ने भाग लिया।

पुलिस ने आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम, हत्या, हत्या के प्रयास, लूट व डकैती जैसे गंभीर मामलों में वांछित 9 अपराधियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा 46 स्थायी वारंटी, 9 सामान्य प्रकरणों में वांछित आरोपी और 2 इनामी अपराधी भी पकड़े गए। निरोधात्मक कार्रवाई के तहत नवीन विधिक प्रावधानों में 180 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।

अभियान के दौरान माइनर एक्ट के तहत 13 प्रकरण, आबकारी अधिनियम में 2, एनडीपीएस एक्ट में 1 तथा आर्म्स एक्ट में 1 प्रकरण दर्ज किया गया। वहीं 50 हिस्ट्रीशीटरों के घर दबिश देकर उनसे पूछताछ की गई।

गिरफ्तार इनामी अपराधियों में डकैती के मामले में ₹5000 का इनामी कल्ला गमेती तथा एनडीपीएस प्रकरण में ₹15000 का इनामी मनोहर उर्फ मनोज मेघवाल शामिल है।

जिला पुलिस अधीक्षक श्री योगेश गोयल ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। साथ ही आमजन से अपील की कि अपराध संबंधी सूचना पुलिस को दें, सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

Related post