नाकाबंदी के दौरान 6 किलो से अधिक गांजा बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार


उदयपुर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिले के सुखेर थाना क्षेत्र में की गई संयुक्त कार्रवाई के दौरान 6.013 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त एक कार भी जब्त की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 20 फरवरी को एनएच-27 पर पैसिफिक हॉस्पिटल के सामने नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध कार को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। मौके पर ही दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर प्रकरण दर्ज किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वीरेंद्र सिंह और देवराज के रूप में हुई है, जो चित्तौड़गढ़ जिले के निवासी बताए गए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों से मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त और आपूर्ति नेटवर्क को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।
कार्रवाई में एटीएस टीम की विशेष भूमिका रही। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है और यह पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं कि गांजा कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी।









