हाथीपोल थाना: चरस तस्करी मामले का फरार आरोपी गिरफ्तार


जिले के हाथीपोल थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ तस्करी के एक पुराने मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार वर्ष से फरार चल रहे आरोपी को उत्तराखंड से गिरफ्तार किया है। मामला 4–5 किलो अवैध मादक पदार्थ चरस की तस्करी से जुड़ा हुआ है, जिसमें आरोपी लंबे समय से कानून की पकड़ से बाहर था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जांच के दौरान सामने आया था कि आरोपी नवीन सिंह ने चरस की खेप उत्तराखंड के ऋषिकेश क्षेत्र से खरीदकर लाने की भूमिका निभाई थी। इससे पूर्व इस प्रकरण में एक अन्य आरोपी चंद्रशेखर को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिसने पूछताछ में नवीन सिंह की संलिप्तता उजागर की थी।
प्रकरण दर्ज होने के बाद से ही नवीन सिंह फरार चल रहा था, जिसे न्यायालय द्वारा स्थायी वारंट जारी कर भगोड़ा घोषित किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी संसाधनों और मुखबिर तंत्र के माध्यम से उसकी तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में आरोपी को उत्तरकाशी जिले के दुर्गम पर्वतीय क्षेत्र से दस्तयाब कर गिरफ्तार किया गया।
फिलहाल आरोपी से आगे की पूछताछ एवं अनुसंधान जारी है। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त अन्य व्यक्तियों एवं नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।









