सूने मकान में चोरी करने वाले दो अभियुक्त गिरफ्तार, चोरी किए गए आभूषण व नकदी बरामद

 सूने मकान में चोरी करने वाले दो अभियुक्त गिरफ्तार, चोरी किए गए आभूषण व नकदी बरामद

थाना गोवर्धनविलास क्षेत्र में सूने मकान में चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए आभूषण एवं नकद राशि भी बरामद कर ली है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दिनेश गमेती निवासी धोलीमगरी देवाली, ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 27 जनवरी 2026 की रात वह जागरण में गए थे। सुबह घर लौटने पर देखा तो अज्ञात चोरों ने मकान के ताले तोड़कर घर में रखे सोने चांदी के आभूषण, 2 लाख 56 हजार रुपये नकद और अन्य सामान चोरी कर लिए।

घटना की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया। पुलिस टीम द्वारा आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर जांच की गई। जांच में सामने आया कि उक्त चोरी की वारदात लोकेश गमेती एवं राजेश गमेती, निवासी देवाली गोवर्धनविलास, द्वारा की गई है।

पुलिस टीम ने दोनों संदिग्धों को डिटेन कर पूछताछ की, जहां उन्होंने चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया। इसके बाद दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किए गए आभूषण एवं नकदी बरामद की गई। पुलिस के अनुसार अभियुक्त लोकेश गमेती के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी के प्रकरण दर्ज हैं।

फिलहाल पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है तथा अन्य चोरी की घटनाओं में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

Related post