रॉकवुड्स ब्लेजिंग स्ट्राइकर क्रिकेट कप 21 से 28 फरवरी तक – लेकसिटी में आएंगे अंतरराष्ट्रीय और आईपीएल क्रिकेटर


झीलों की नगरी उदयपुर इस माह बड़े क्रिकेट आयोजनों का साक्षी बनने जा रही है। शहर में 21 से 28 फरवरी 2026 तक रॉकवुड्स ब्लेजिंग स्ट्राइकर क्रिकेट कप का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भारतीय क्रिकेट टीम, आईपीएल और राज्य स्तरीय कई नामी खिलाड़ी भाग लेंगे। प्रतियोगिता को लेकर शहर में व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
आयोजन की जानकारी आयोजन अध्यक्ष सुनील लढ्ढा एवं आयोजन सचिव विवेक घई ने दी। इस अवसर पर उदयपुर क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष लक्ष्यराजसिंह मेवाड़, सचिव मनोज चौधरी, उदयपुर जिला क्रिकेट संघ के कोषाध्यक्ष महेंद्र शर्मा, दीपक शर्मा तथा सीए मनीष अग्रवाल भी उपस्थित रहे।
दीपक शर्मा ने बताया कि यह टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट उदयपुर के शिकारवाड़ी ग्राउंड पर खेला जाएगा, जिसमें डे-नाइट मुकाबले आयोजित होंगे। प्रतियोगिता में कुल 8 टीमें भाग लेंगी। प्रत्येक टीम में 3 आईपीएल खिलाड़ी और 5 रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी शामिल होना अनिवार्य रहेगा।
इस टूर्नामेंट में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी भुवनेश्वर कुमार, रवि बिश्नोई, ध्रुव जूरेल और पवन नेगी के साथ-साथ आईपीएल से जुड़े मंगेश यादव, शिवम सिंह, प्रियांश आर्य, आर्यन जोहेल और शुभम गड़वाल के उदयपुर आने की संभावना है।
आयोजन सचिव विवेक घई ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान प्रतिदिन दो मुकाबले खेले जाएंगे—पहला मैच दिन में तथा दूसरा मैच रात्रि में आयोजित होगा।









