ऑनलाइन गेमिंग व ठगी से जुड़ा गिरोह पकड़ा गया, चार आरोपी हिरासत में

 ऑनलाइन गेमिंग व ठगी से जुड़ा गिरोह पकड़ा गया, चार आरोपी हिरासत में

ऑनलाइन ठगी के मामलों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना सुखेर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित साइबर ठगी गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस थाना सुखेर की गठित टीम ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

दिनांक 3 जनवरी 2026 को प्राप्त मुखबिर सूचना पर सोनारिया, लखावली स्थित एक मकान पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 02 लैपटॉप, 46 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 42 सिम कार्ड, 36 एटीएम कार्ड, 09 चेकबुक, 16 बैंक पासबुक तथा एक वाई-फाई राउटर जब्त किए गए।

जांच में सामने आया कि आरोपी विशाल यादव, विजयसिंह, मोहम्मद परवेज खान एवं मनीष राठौर अपने अन्य साथियों सौरभ उपाध्याय व सुमित चंदेल के साथ मिलकर धोखाधड़ीपूर्वक अलग-अलग व्यक्तियों से कमीशन पर बैंक खाते खरीदते थे। इन खातों को आगे अन्य लोगों को कमीशन पर उपलब्ध कराकर ऑनलाइन ठगी एवं ऑनलाइन गेमिंग के माध्यम से प्राप्त राशि का ट्रांसफर कराया जाता था। इस प्रकार आरोपियों द्वारा आपराधिक षड्यंत्र रचकर बैंक खाते खरीदने-बेचने का संगठित गिरोह बनाकर अवैध गतिविधियों को अंजाम दिया जा रहा था।

उक्त मामले में थाना सुखेर पर प्रकरण संख्या 08/2026 अंतर्गत धारा 318(4), 316(2), 112(2), 61(2) भारतीय न्याय संहिता 2023 एवं धारा 66 व 66डी आईटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है।

Related post