अमेरिकी नागरिकों से साइबर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 12 गिरफ्तार

 अमेरिकी नागरिकों से साइबर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 12 गिरफ्तार

उदयपुर जिले के गोगुन्दा थाना क्षेत्र में साइबर ठगी के एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने 12 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक युवती भी शामिल है। कार्रवाई के दौरान 4 लैपटॉप, 14 मोबाइल फोन, 2 वाहन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामग्री जब्त की गई है। यह गिरोह अमेरिकी नागरिकों को निशाना बनाकर इंटरनेट कॉल और मैसेज के माध्यम से ठगी कर रहा था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी न्यू मेवाड़ कांथियावाड़ी होटल से संचालित एक निजी कंपनी सनसेट एडवेंचर के नाम पर अमेरिकी नागरिकों की व्यक्तिगत जानकारी एकत्र करते थे। इसके बाद उन्हें कॉल व संदेश भेजकर एक नामी तकनीकी कंपनी के उत्पादों पर अतिरिक्त शुल्क लगने की बात कही जाती थी और रिफंड दिलाने का झांसा देकर डॉलर में राशि वसूली जाती थी।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रात्रि के समय होटल पर दबिश दी। मौके से पकड़े गए सभी आरोपियों से पूछताछ के बाद यह स्पष्ट हुआ कि ठगी के लिए आधुनिक तकनीकी साधनों और विशेष मोबाइल ऐप का उपयोग किया जा रहा था, जिससे विदेशी नागरिकों से संपर्क किया जाता था।

जांच के दौरान जब्त किए गए लैपटॉप और मोबाइल फोन का तकनीकी विश्लेषण किया गया, जिसमें यह पाया गया कि आरोपी स्वयं को संबंधित कंपनी का कर्मचारी बताकर पीड़ितों को एक विशेष लिंक पर भेजते थे। इसी प्रक्रिया के माध्यम से अतिरिक्त शुल्क की वापसी के नाम पर धोखाधड़ी को अंजाम दिया जाता था।

पुलिस के अनुसार, यह मामला अंतरराज्यीय प्रकृति का है और गिरफ्तार किए गए लोग देश के विभिन्न राज्यों से जुड़े हुए हैं। मामले की आगे की जांच जारी है, ताकि ठगी के नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा किया जा सके।

Related post