ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी के नाम पर ठगी का खुलासा, उदयपुर में पांच आरोपी गिरफ्तार


तुलसी नगर स्थित मिक्सोरा रेस्टोरेंट एंड विला से संचालित हो रहा था गिरोह, 9 मोबाइल जब्त
उदयपुर जिले के सुखेर थाना क्षेत्र में ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है। 14 जनवरी 2026 को की गई कार्रवाई में पुलिस ने तुलसी नगर स्थित मिक्सोरा रेस्टोरेंट एंड विला पर दबिश देकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 9 एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं, जिनमें ऑनलाइन गेमिंग और बेटिंग से जुड़ी कई आईडी और एप्स पाए गए।
जांच में सामने आया कि आरोपी अलग-अलग लोगों को ऑनलाइन गेमिंग के जरिए कमीशन और मुनाफे का झांसा देकर उनके बैंक खातों में ऑनलाइन रकम ट्रांसफर करवाते थे। आरोपी allpanelech.com नामक पैनल का उपयोग कर Google Chrome के माध्यम से गेमिंग व बेटिंग आईडी संचालित कर रहे थे। मोबाइल फोन में My99exch.com, Bmwexch.com, 99kingbet.com और 99fancy.com जैसी गेमिंग एप्स की अलग-अलग आईडी पाई गईं। आरोपियों द्वारा संगठित गिरोह बनाकर ऑनलाइन ठगी और अवैध वित्तीय लेन-देन किया जा रहा था।
गिरफ्तार आरोपियों में अरविंद कुमार उर्फ मुन्ना, चेतन, तुषार, कमल, एवं अभिषेक शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस 2023 तथा आईटी एक्ट की धाराएं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।









