उदयपुर में अवैध शराब की बड़ी खेप जब्त, 1203 कार्टन शराब सहित कंटेनर ट्रक पकड़ा

 उदयपुर में अवैध शराब की बड़ी खेप जब्त, 1203 कार्टन शराब सहित कंटेनर ट्रक पकड़ा

उदयपुर जिले के गोवर्धनविलास थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 1203 कार्टन अंग्रेजी शराब से भरा एक कंटेनर ट्रक जब्त किया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ रुपये बताई गई है।

जानकारी के अनुसार यह शराब पंजाब और राजस्थान में बिक्री के लिए निर्मित थी, जिसे अवैध रूप से गुजरात ले जाया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक गोपालसिंह पुत्र छोगसिंह, निवासी जिला ब्यावर को गिरफ्तार किया गया।

तलाशी के दौरान ट्रक में सोयाबीन के कट्टों की आड़ में विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब के कार्टन छिपाकर रखे गए थे। शराब के परिवहन से संबंधित कोई वैध अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं किए जाने पर वाहन सहित पूरी खेप को जब्त कर लिया गया।

मामले में राजस्थान आबकारी अधिनियम की धारा 19/54 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच जारी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि शराब कहां से लादी गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।

Related post