एनएच-48 पर खेरोदा थाना पुलिस की कार्रवाई, 468 किलो डोडा चूरा जब्त


ज़िले के खेरोदा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 468.270 किलोग्राम डोडा चूरा जब्त किया है। यह कार्रवाई जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
जानकारी के अनुसार 28 जनवरी 2026 को नेशनल हाईवे-48 पर वना चौराहे के पास पुलिस ने नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान मंगलवाड़ से उदयपुर की ओर आ रही एक काले रंग की स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन मोड़कर भागने लगा। पुलिस टीम ने तुरंत पीछा किया और स्टॉप स्टिक की मदद से गाड़ी का टायर पंक्चर कर उसे रुकवा लिया।
हालांकि वाहन चालक और सहचालक अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गए। तलाशी के दौरान गाड़ी से प्लास्टिक के 22 कट्टों में भरा अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 468.270 किलोग्राम है। वाहन में अलग-अलग नंबर प्लेट भी मिली हैं।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट और भारतीय न्याय संहिता, 2023 की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है









