डूंगरपुर में एसीबी की बड़ी कार्रवाई: दो पुलिसकर्मी रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार


डूंगरपुर एसीबी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना दोवड़ा में पदस्थ कांस्टेबल प्रकाश चन्द्र पटेल और हेड कॉन्स्टेबल अशोक कुमार पाटीदार को 1 लाख 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
एसीबी महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी डूंगरपुर को एक शिकायत मिली थी, जिसमें परिवादी ने आरोप लगाया था कि 18 जनवरी 2026 को नयागांव स्थित इंडियन पेट्रोल पंप के पास खड़े रहने के दौरान पुलिसकर्मियों ने उससे पूछताछ की और मोबाइल फोन चेक कर ऑनलाइन गेम के जरिए ठगी का आरोप लगाया। इसके बाद उसे जबरन थाने ले जाने की धमकी दी गई।
आरोप है कि रास्ते में पुलिसकर्मियों ने दो लाख रुपये देने पर मामला दर्ज न करने और मोबाइल लौटाने की बात कही तथा दबाव बनाकर परिवादी को बीच रास्ते उतार दिया गया। शिकायत की पुष्टि के बाद 28 जनवरी 2026 को एसीबी द्वारा रिश्वत मांग का सत्यापन कराया गया, जिसमें 1.50 लाख रुपये लेने पर सहमति बनी।
एसीबी उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन और पुलिस उप अधीक्षक रतन सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपियों को 1.50 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
मामले में आगे की जांच एसीबी द्वारा की जा रही है।









