राजदर्शन होटल रोड पर तलवारबाजी का खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार, तीन नाबालिग डिटेन

 राजदर्शन होटल रोड पर तलवारबाजी का खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार, तीन नाबालिग डिटेन

हाथीपोल क्षेत्र के राजदर्शन होटल रोड पर हुई तलवारबाजी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि घटना में शामिल तीन नाबालिगों को डिटेन किया गया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त हथियार एवं वाहन भी बरामद कर लिए हैं।

पुलिस के अनुसार, दिनांक 31 जनवरी 2026 को पीड़ित ने थाना हाथीपोल में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह शाम करीब 5 बजे गांधी ग्राउंड से अपने घर सिलावटवाड़ी जा रहा था। जैसे ही वह राजदर्शन रोड पर कॉटन वर्ल्ड दुकान के पास पहुंचा, पीछे से अमान उर्फ लेडिज नामक युवक, जिसके हाथ में तलवार थी, ने जान से मारने की नीयत से उसके सिर पर तलवार से वार किया। पीड़ित द्वारा वार को हाथ से रोकने का प्रयास करने पर उसका हाथ कट गया। घटना के समय आरोपी के साथ तीन अन्य लड़के भी मौजूद थे।

घटना की गंभीरता को देखते हुए हाथीपोल पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से प्राप्त फुटेज, तकनीकी संसाधनों एवं मुखबिर तंत्र के आधार पर मुख्य आरोपी अमान उर्फ लेडिज (उम्र 19 वर्ष), निवासी सज्जननगर, थाना अंबामाता, को डिटेन कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने पीड़ित के साथ पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

पुलिस टीम ने घटना में शामिल तीन विधि के उल्लंघन करने वाले बालकों को भी संरक्षण में लिया है। इसके साथ ही आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तलवार, चाकू एवं मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

फिलहाल पुलिस द्वारा मामले में आगे की जांच की जा रही है।

Related post