गोगुंदा थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, करीब 80 लाख रुपये की अवैध अफीम डोडा चूरा जब्त

 गोगुंदा थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, करीब 80 लाख रुपये की अवैध अफीम डोडा चूरा जब्त

जिला पुलिस प्रशासन द्वारा अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना गोगुंदा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 80 लाख रुपये मूल्य का अवैध अफीम डोडा चूरा एवं एक क्रेटा कार जब्त की है।

पुलिस द्वारा गोगुंदा से सायरा जाने वाली सड़क पर नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान सायरा की ओर से एक क्रेटा कार तेज गति से आती हुई दिखाई दी। पुलिस टीम द्वारा वाहन को रोकने का संकेत दिया गया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और तेज गति से भागने लगा।

पुलिस टीम ने पीछा करते हुए वाहन के टायर बर्स्ट किए, इसके बावजूद चालक करीब 10 किलोमीटर तक वाहन को भगाता रहा। बाद में झाड़ोलिया गांव से आगे हाईवे के पास सड़क किनारे वाहन को छोड़कर चालक झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पुलिस द्वारा मौके पर क्रेटा कार संख्या RJ-27-CJ-3298 की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से काले रंग के 17 प्लास्टिक कट्टे बरामद किए गए, जिनमें अवैध अफीम डोडा चूरा भरा हुआ पाया गया।

जब्त किए गए सभी कट्टों का वजन करने पर कुल 361.947 किलोग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा पाया गया। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ एवं वाहन को जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी की तलाश एवं अग्रिम जांच जारी है।

Related post