निर्माणाधीन बिल्डिंग से सामग्री चोरी का खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार


उदयपुर के गोवर्धनविलास थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन भवन से सामग्री चोरी के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में चोरी की गई निर्माण सामग्री और नकद राशि बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है।
मामला बलिचा–कुंडाल क्षेत्र स्थित एक निर्माण स्थल से जुड़ा है, जहां भवन निर्माण कार्य के दौरान लोहे के फॉर्म, फ्रेम प्लेट सहित अन्य सामग्री चोरी की जा रही थी। जांच में सामने आया कि साइट पर तैनात मुंशी ने मजदूर के साथ मिलकर अलग-अलग समय पर सामग्री को पिकअप वाहन में भरकर बाहर निकाला और इसे कबाड़ी को बेच दिया।
इस प्रकरण में करण डांगी और पुष्कर लाल को मुख्य आरोपी के रूप में गिरफ्तार किया गया है। इनके अलावा चोरी की सामग्री खरीदने के आरोप में लक्ष्मण नाथ, भैरूलाल, रतन लाल और सुनील को भी गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों के कब्जे से चोरी की सामग्री और नकद राशि बरामद की गई है।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर गोवर्धनविलास थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पूछताछ में आरोपियों ने निर्माण सामग्री चोरी कर उसे अलग-अलग स्थानों पर बेचने की बात स्वीकार की है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और अनुसंधान जारी है।








