उदयपुर सांसद के निर्माणाधीन मकान में चोरी का खुलासा, तीन महिला अभियुक्त गिरफ्तार


थाना गोवर्धनविलास पुलिस ने उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत निर्माणाधीन मकान में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए तीन महिला अभियुक्तों को गिरफ्तार कर चोरी की गई सामग्री बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, श्री नीरज अग्रवाल जो निर्माणाधीन मकान में चौकीदारी का कार्य करते है ने रिपोर्ट दर्ज करवाई की दिनांक 31 जनवरी 2026 की रात्रि के समय वह सामने वाले मकान में सो रहे थे। अगले दिन सुबह करीब 9 बजे जब निर्माणाधीन मकान की जांच की, तो वहां से नल के 7 डाइवर्टर, एक कटर मशीन तथा एक ब्रेकर मशीन का वायर अज्ञात चोरों द्वारा चोरी किया जाना पाया गया।
रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया। पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की तथा आसूचना संकलित की।
जांच में सामने आया कि उक्त चोरी इन्द्रा कॉलोनी में निवास करने वाली उन महिलाओं द्वारा की गई है, जो भंगार बीनने का कार्य करती हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने तीनों महिला अभियुक्तों— भावना कालबेलिया; गीता कालबेलिया, तथा जशोदा कालबेलिया को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी किए गए नल के 7 डाइवर्टर, एक कटर मशीन तथा एक हेमर मशीन का वायर बरामद कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।







