दिनदहाड़े एक लाख की लूट का 24 घंटे में खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार


उदयपुर के अंबामाता थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई एक लाख रुपये की लूट की वारदात का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और धारदार चाकू भी बरामद किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि तीन युवकों ने पल्सर मोटरसाइकिल से पीछा कर उसे रोका और चाकू दिखाकर डराया-धमकाया। इसके बाद उसे एक सुनसान स्थान पर ले जाकर मोबाइल फोन के जरिए जबरन कुल 99 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण, निगरानी और लगातार दबिश के जरिए महज एक दिन में आरोपियों की पहचान कर उन्हें डिटेन किया। पूछताछ में आरोपियों ने चलती बाइक से रोककर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विजेश उर्फ गोलू, जय सिंह और गौरव उर्फ गोरू के रूप में हुई है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। मामले में आगे की पूछताछ और अनुसंधान जारी है।









