सोशल मीडिया पर हथियार लहराने का मामला: घंटाघर पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर को दबोचा


सोशल मीडिया पर हथियार के साथ फोटो और रील पोस्ट कर आमजन में भय व अशांति फैलाने के मामले में उदयपुर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। घंटाघर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से गैंग का वर्चस्व दिखाने और दहशत फैलाने के आरोप में एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद सोहेल उर्फ अन्ना (26 वर्ष) निवासी महावतवाड़ी, थाना घंटाघर ने कुछ दिन पूर्व इंस्टाग्राम पर रील पोस्ट कर पुलिस, जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से न डरने की बात कही थी। इसके बाद आरोपी ने हाथ में पिस्टल लेकर रील साझा की, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बना।
उक्त मामले में प्रकरण दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से रिमांड प्राप्त कर आगे की जांच जारी है।
आरोपी के खिलाफ लूट, हत्या का प्रयास, अवैध हथियार और गंभीर मारपीट सहित कुल 26 प्रकरण विभिन्न थानों में दर्ज हैं, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन हैं। आरोपी एक सक्रिय बदमाश है और संगठित अपराध में लिप्त रहा है। हाल ही में हाथीपोल थाना क्षेत्र में राजदर्शन होटल के सामने फायरिंग कर जानलेवा हमला करने के मामले में वह जमानत पर बाहर था।









