भीण्डर में अवैध पेट्रोलियम पदार्थ पर बड़ी कार्रवाई, 5500 लीटर जब्त


उदयपुर जिले के भीण्डर थाना क्षेत्र में अवैध पेट्रोलियम पदार्थ के भंडारण और विक्रय के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 5500 लीटर पेट्रोलियम पदार्थ, एक पिकअप वाहन, एक अन्य मालवाहक वाहन, भूमिगत टैंक, पाइप, मशीन और ड्रम जब्त किए गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नेशनल हाईवे-27 उदयपुर–चित्तौड़गढ़ मार्ग पर स्थित एक होटल परिसर में अवैध रूप से पेट्रोलियम पदार्थ का भंडारण किया जा रहा था, जिसे हाईवे पर चलने वाले वाहनों के चालकों को अधिक कीमत पर बेचा जा रहा था। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
जांच के दौरान होटल परिसर में खड़े वाहनों तथा पीछे बने भूमिगत टैंक से पेट्रोलियम पदार्थ बरामद किया गया। टैंक से पदार्थ निकालने और वाहनों में भरने के लिए उपयोग की जा रही मशीन और पाइप भी मौके से मिले।
माप के अनुसार विभिन्न स्थानों से कुल 5500 लीटर पेट्रोलियम पदार्थ बरामद हुआ, जो परीक्षण में डीजल के समकक्ष पाया गया।
जांच में पाया गया कि बिना वैध लाइसेंस और सुरक्षा मानकों के पेट्रोलियम पदार्थ का भंडारण एवं विक्रय किया जा रहा था। मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम एवं संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच जारी है।









