महिला समृद्धि बैंक भुवाणा शाखा का स्थापना दिवस, ग्राहक सम्मेलन आयोजित


महिला समृद्धि बैंक की भुवाणा शाखा का स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर शाखा परिसर में ग्राहक सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें बैंक अध्यक्ष डॉ. किरण जैन मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।
डॉ. किरण जैन ने बताया कि भुवाणा शाखा ने मात्र दो वर्षों में ही ग्राहकों का विश्वास जीतते हुए उल्लेखनीय प्रगति की है। स्थापना के द्वितीय वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित इस सम्मेलन में ग्राहकों से बैंकिंग सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी लिए गए। ग्राहकों ने शाखा की कार्यशैली और सेवाओं पर संतोष व्यक्त किया।
उन्होंने जानकारी दी कि वर्तमान में भुवाणा शाखा की कुल जमा राशि 130 लाख रुपये है, जबकि ऋण बकाया 286 लाख रुपये है। इस प्रकार शाखा 220 प्रतिशत के रिकॉर्ड सीडी रेश्यो के साथ लाभ में संचालित हो रही है। उन्होंने कहा कि महिला समृद्धि बैंक देश का पहला महिला बैंक है, जिसने डिजिटल बैंकिंग सुविधाएं सबसे पहले शुरू कीं और त्वरित सेवा के कारण सहकारिता क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रहा है।
शाखा प्रबंधक अंजना चित्तौड़ा ने बताया कि वर्ष भर में खातों में उत्कृष्ट लेनदेन करने वाले ग्राहकों गजेन्द्र भंडारी, राजेश जैन एवं कृष्णा आंचल सुहालका को बैंक अध्यक्षा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं संचालक मंडल द्वारा सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में बैंक अध्यक्षा डॉ. किरण जैन, उपाध्यक्ष विमला मूंदड़ा, मुख्य कार्यकारी विनोद चपलोत, निदेशक मीनाक्षी श्रीमाली, सुभाषिनी शर्मा, सुशीला मांडावत, शाखा प्रबंधक अंजना चित्तौड़ा सहित बड़ी संख्या में बैंक अधिकारी, कर्मचारी एवं ग्राहक उपस्थित रहे।




