ट्रांसपोर्ट के जरिए कोडीन सिरप सप्लाई करने वाला आरोपी गिरफ्तार

 ट्रांसपोर्ट के जरिए कोडीन सिरप सप्लाई करने वाला आरोपी गिरफ्तार

गोवर्धनविलास थाना पुलिस व जिला स्पेशल टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ट्रांसपोर्ट कंपनी के माध्यम से प्रतिबंधित कोडीन युक्त नशीली दवाइयां मंगवाकर ग्रामीण क्षेत्रों में बेचने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 29 कार्टन में भरी 3820 शीशियां कोडीन सिरप जब्त की हैं।

जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) गोपाल स्वस्प मेवाड़ा के सुपरविजन तथा वृत्ताधिकारी गिर्वा गोपाल चंदेल के निर्देशन में थानाधिकारी दिलीप सिंह झाला के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने 27 दिसंबर की रात ट्रांसपोर्ट नगर बलीचा स्थित पुण्या ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन में छापा मारा।

पुलिस को सूचना मिली थी कि ढिमड़ा (वल्लभनगर) निवासी 31 वर्षीय पुष्करराज डांगी ने ट्रांसपोर्ट के जरिए कोडीन युक्त सिरप मंगवाया है। मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर युवक घबरा कर भागने लगा, जिसे पकड़कर पूछताछ की गई। उसने स्वयं को पार्थ इंटरप्राइजेज फर्म का मालिक बताया।

औषधि नियंत्रण अधिकारी अनिरुद्ध खत्री की मौजूदगी में ट्रांसपोर्ट गोदाम की तलाशी ली गई, जहां कुल 29 कार्टन में 3820 शीशियां संदिग्ध कोडीन युक्त सिरप पाई गईं। जांच में सामने आया कि दवाइयां अहमदाबाद की विभिन्न फार्मा कंपनियों से पार्थ इंटरप्राइजेज और सिद्धार्थ फार्मेसी के नाम भेजी गई थीं।

औषधि नियंत्रण अधिकारी ने पुष्टि की कि सिरप में एनडीपीएस एक्ट में वर्णित मन:प्रभावी पदार्थ मौजूद है। हालांकि आरोपी के पास खुदरा औषधि लाइसेंस था, लेकिन एनडीपीएस श्रेणी की दवाओं के क्रय-विक्रय की अनुमति नहीं थी।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथी नरेश डांगी के साथ मिलकर यह नशीली दवाइयां मंगवाता था और उन्हें ग्रामीण क्षेत्रों में नशा करने वालों को बेचता था। इस मामले में धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Related post