चाकू से जानलेवा हमला करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, एक बालक डिटेन


अम्बामाता थाना क्षेत्र में चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को निरुद्ध किया गया है। घटना 18 फरवरी 2026 की रात की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक अपने भाई के साथ देर रात एक होटल स्टाफ को छोड़ने के लिए टेम्पो लेकर जा रहा था। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार 4–5 युवकों ने टेम्पो के आगे वाहन लगाकर रास्ता रोका और अचानक चाकू से हमला कर दिया। हमले में टेम्पो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष टीम का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों, सतत निगरानी और संभावित ठिकानों पर दबिश के बाद पुलिस ने मामले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गगन गमेती, रमेश गमेती और हेमेंद्र गमेती के रूप में हुई है। इसके साथ ही एक विधि से संघर्षरत बालक को भी निरुद्ध किया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने शराब के नशे में वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें और धारदार चाकू भी बरामद किए हैं। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस द्वारा प्रकरण में आगे की जांच की जा रही है।









