उदयपुर रेंज पुलिस और अंबुजा फाउंडेशन के बीच युवाओं के कौशल विकास व अपराध रोकथाम के लिए एमओयू

 उदयपुर रेंज पुलिस और अंबुजा फाउंडेशन के बीच युवाओं के कौशल विकास व अपराध रोकथाम के लिए एमओयू

युवाओं को अपराध की राह से दूर कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए उदयपुर रेंज पुलिस और अंबुजा फाउंडेशन के बीच कौशल विकास एवं अपराध रोकथाम को लेकर एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए हैं। यह पहल पारंपरिक पुलिसिंग से आगे बढ़ते हुए सुधारात्मक और सामाजिक सहभागिता आधारित मॉडल को मजबूत करने की दिशा में उठाया गया कदम है।

इस पहल के तहत 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के बेरोजगार युवाओं, विशेषकर प्रथम बार अपराध में लिप्त युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। आंकड़ों के अनुसार बेरोजगारी और अपराध के बीच गहरा संबंध पाया गया है, ऐसे में यह एमओयू युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने में सहायक साबित होगा।

कार्यक्रम के अंतर्गत उदयपुर रेंज के सात जिलों—उदयपुर, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़ और सलूंबर में युवाओं की पहचान कर उन्हें प्रशिक्षण से जोड़ा जाएगा। पुलिस द्वारा युवा सीएलजी और स्थानीय थानों के माध्यम से युवाओं का चयन किया जाएगा, जबकि अंबुजा फाउंडेशन अपने SEDI केंद्रों के जरिए तकनीकी, सेवा, डिजिटल तथा सौंदर्य एवं कल्याण जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण उपलब्ध कराएगा।

प्रशिक्षण के बाद युवाओं को प्लेसमेंट या स्वरोजगार से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही युवा सीएलजी सदस्य अपने-अपने क्षेत्रों में परिवर्तन एजेंट के रूप में कार्य करेंगे। इस पहल से न केवल अपराध की पुनरावृत्ति को रोकने में मदद मिलेगी, बल्कि पुलिस और आमजन के बीच विश्वास भी मजबूत होगा।

Related post