राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े कल उदयपुर में, बीएन विश्वविद्यालय के द्वितीय दीक्षांत समारोह में होंगे मुख्य अतिथि

 राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े कल उदयपुर में, बीएन विश्वविद्यालय के द्वितीय दीक्षांत समारोह में होंगे मुख्य अतिथि

राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किशनराव बागड़े बुधवार को एक दिवसीय प्रवास पर उदयपुर रहेंगे। वे प्रातः 11.15 बजे डबोक एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से सीधे भूपाल नोबल्स संस्थान के महाराणा प्रताप खेल मैदान जाएंगे, जहां बीएन विश्वविद्यालय के दूसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।

समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्यपाल राजस्थान के पूर्व कुलपति एवं उच्च शिक्षा सलाहकार प्रो. कैलाश सोडाणी उपस्थित रहेंगे, जबकि अध्यक्षता कार्यवाहक अध्यक्ष प्रो. एस.एस. सारंगदेवोत करेंगे। इससे पूर्व मंगलवार को शहर के प्रशासनिक अधिकारियों ने समारोह स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्रबंध निदेशक मोहब्बत सिंह राठौड़ ने बताया कि संस्थान परिसर में राज्यपाल का राजस्थानी परंपरा के अनुसार भव्य स्वागत किया जाएगा। वे समारोह से पूर्व महाराणा भूपाल सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे तथा एनसीसी कैडेट्स द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। मंगलवार को अकादमिक प्रक्रिया का रिहर्सल भी किया गया।

रजिस्ट्रार डॉ. एन.एन. सिंह ने बताया कि समारोह में सात हजार से अधिक विद्या प्रचारिणी सभा के पदाधिकारी, सदस्य, विद्यार्थी एवं शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे। इस दौरान पीएचडी उपाधियां प्रदान की जाएंगी तथा स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर के उत्कृष्ट विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक दिए जाएंगे। उपाधि धारकों के लिए निर्धारित ड्रेस कोड अनिवार्य रहेगा और सभी को प्रातः 10 बजे से पूर्व पंजीयन कराना होगा।

Related post