आस्था और संकल्प की मिसाल: उदयपुर के कैलाश पटेल ने 1400 किमी की पदयात्रा कर माता वैष्णो देवी के दरबार में लगाई हाजिरी

 आस्था और संकल्प की मिसाल: उदयपुर के कैलाश पटेल ने 1400 किमी की पदयात्रा कर माता वैष्णो देवी के दरबार में लगाई हाजिरी

धार्मिक आस्था, मजबूत संकल्प और अनुशासन का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत करते हुए उदयपुर शहर के सबलपुरा निवासी कैलाश पटेल ने उदयपुर से जम्मू स्थित माता वैष्णो देवी के पावन दरबार तक लगभग 1400 किलोमीटर की पैदल पदयात्रा सफलता पूर्वक पूरी कर ली है। करीब 40 दिनों तक चली इस कठिन और चुनौतीपूर्ण यात्रा के बाद वे कटरा पहुँचे, जहाँ उन्होंने माता रानी के दरबार में माथा टेककर देशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

कैलाश पटेल की यह पदयात्रा केवल धार्मिक यात्रा ही नहीं, बल्कि आस्था, धैर्य और आत्मबल की प्रेरक कहानी भी रही। यात्रा के दौरान उन्होंने राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर के विभिन्न शहरों व गांवों से होकर गुजरते हुए आमजन से संवाद किया और शांति, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया। कई स्थानों पर सामाजिक संगठनों, युवाओं और श्रद्धालुओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया।

इस लंबी पदयात्रा के दौरान मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियाँ, थकान और शारीरिक चुनौतियाँ भी सामने आईं, लेकिन माता वैष्णो देवी में अटूट श्रद्धा ने उन्हें हर कठिनाई से पार कराया। कैलाश पटेल ने बताया कि यात्रा के हर पड़ाव पर माता रानी की कृपा का अनुभव हुआ, जिससे उनका मनोबल लगातार बना रहा।

गौरतलब है कि कैलाश पटेल इससे पूर्व भी धार्मिक यात्राओं के माध्यम से सामाजिक संदेश देते रहे हैं। उनकी इस पदयात्रा ने युवाओं को नशा मुक्ति, सकारात्मक जीवनशैली और अनुशासन की ओर प्रेरित किया है।

कैलाश पटेल की इस ऐतिहासिक पदयात्रा से उदयपुर शहर सहित पूरे मेवाड़ क्षेत्र में हर्ष और गर्व का वातावरण है। लोग उनकी इस उपलब्धि को आस्था और साहस की मिसाल मान रहे हैं।

Related post