प्रगतिशील महिला पशुपालकों को मिलेगा प्रोत्साहन, आवेदन 31 जनवरी तक

 प्रगतिशील महिला पशुपालकों को मिलेगा प्रोत्साहन, आवेदन 31 जनवरी तक

महिला पशुपालकों को आत्मनिर्भर बनाने और पशुपालन क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पशुपालन विभाग ने वर्ष 2024-25 के लिए विशेष प्रोत्साहन योजना लागू की है। इस योजना के अंतर्गत पंचायत समिति से लेकर राज्य स्तर तक प्रगतिशील महिला पशुपालकों का चयन कर उन्हें आर्थिक सहायता एवं सम्मान प्रदान किया जाएगा।

संयुक्त निदेशक पशुपालन डॉ. सुरेश कुमार जैन ने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक पंचायत समिति स्तर से एक प्रगतिशील महिला पशुपालक का चयन किया जाएगा। पंचायत समिति स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली महिला पशुपालक को 10,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके बाद पंचायत समितियों से चयनित पशुपालकों में से दो का चयन जिला स्तर पर किया जाएगा, जहाँ प्रत्येक को 25,000 रुपये की राशि प्रदान की जाएगी।

जिला स्तर से चयनित दो श्रेष्ठ महिला पशुपालकों को राज्य स्तर पर भेजा जाएगा, जहाँ राज्यस्तरीय पशुपालक सम्मान समारोह में प्रत्येक को 50,000 रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी।

योजना में भाग लेने की इच्छुक एवं प्रगतिशील महिला पशुपालक अपने नजदीकी राजकीय पशु चिकित्सालय में कार्यालय समय के दौरान निर्धारित प्रपत्र में आवेदन जमा कर सकती हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 31 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है। नियत तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।

योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक या उप निदेशक कार्यालय, नजदीकी पशु चिकित्सालय अथवा विभागीय वेबसाइट से संपर्क किया जा सकता है।

Related post