उदयपुर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 152 आरोपी गिरफ्तार


जिले में अवैध मादक पदार्थों से जुड़े अपराधों और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस ने व्यापक कार्रवाई की है। अभियान के दौरान जिलेभर में एक साथ दबिश देकर कुल 152 अपराधियों और आपराधिक प्रवृत्ति के बदमाशों को गिरफ्तार किया गया।
इस कार्रवाई में एनडीपीएस एक्ट के तहत 13 नए प्रकरण दर्ज किए गए। इनमें से 03 ग्राम एमडीएमए, 486.18 किलोग्राम डोडा चूरा, 830 ग्राम अफीम, 1385 ग्राम गांजा, 3.79 मिलीग्राम चरस और एक स्कॉर्पियो वाहन जब्त किया गया। इसके अतिरिक्त अन्य धाराओं में 18 प्रकरण दर्ज कर 89 लीटर हथकढ़ शराब, 58 पव्वे देशी शराब, एक अवैध धारदार हथियार (छुरी) और बजरी से भरा एक ट्रैक्टर जब्त किया गया।
अभियान के दौरान 136 बदमाशों को निवारक धाराओं में गिरफ्तार किया गया, जबकि एनडीपीएस मामलों में वांछित 5 आरोपियों को भी पकड़ा गया। साथ ही 48 हार्डकोर/हिस्ट्रीशीटर और 213 पूर्व में चालानशुदा अपराधियों की जांच की गई। इसके अलावा 20 स्थायी वारंट और 6 गिरफ्तारी वारंटों का निष्पादन किया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ यह सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। आमजन से अपील की गई है कि अपराध और अपराधियों से जुड़ी सूचनाएं पुलिस को दें, सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।









