उदयपुर में ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ पुलिस का सख्त अभियान, आमजन से सतर्क रहने की अपील


उदयपुर पुलिस द्वारा क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी एवं अन्य जुआ गतिविधियों के खिलाफ जिलेभर में व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस ने जानकारी दी है कि वर्तमान समय में कुछ असामाजिक तत्व मोबाइल ऐप्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और अन्य ऑनलाइन माध्यमों के जरिए लोगों को लालच देकर सट्टेबाजी में शामिल कर रहे हैं। यह गतिविधियां पूर्णतः अवैध और दण्डनीय अपराध की श्रेणी में आती हैं। ऐसे मामलों में शामिल व्यक्तियों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई का भी सामना करना पड़ सकता है।
उदयपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी करना या करवाना कानूनन अपराध है और इसमें संलिप्त पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे क्रिकेट मैचों या किसी भी प्रकार की सट्टेबाजी और जुआ गतिविधियों से दूर रहें। साथ ही संदिग्ध लिंक, ऐप और संदिग्ध व्यक्तियों से सावधान रहने की सलाह दी गई है।
यदि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी मिलती है, तो तुरंत पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 या व्हाट्सएप नंबर 7073100100 पर सूचना देने को कहा गया है, ताकि संबंधित के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जा सके।








