क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाला आरोपी गिरफ्तार

 क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाला आरोपी गिरफ्तार

क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने के मामले में सवीना थाना पुलिस व डीएसटी ने कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से ऑनलाइन सट्टा संचालन में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं, जिनमें लाखों रुपये के लेनदेन से जुड़ा डाटा मिला है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान विकेश, निवासी बप्पा रावल नगर, सेक्टर-06, थाना हिरणमगरी (हाल निवासी एम.पी. कॉलोनी, सेक्टर-13, थाना सवीना) के रूप में हुई है। आरोपी को 18 फरवरी को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से क्रिकेट मैचों पर सट्टा खिलाते हुए पकड़ा गया।

जांच में सामने आया है कि अभियुक्त अपने सहयोगियों के साथ मिलकर एक अवैध गेमिंग वेबसाइट के जरिए मोबाइल फोन से लोगों को ऑनलाइन सट्टा लगाने के लिए प्रेरित करता था। सट्टे की राशि का हिसाब-किताब डिजिटल माध्यम से रखा जा रहा था।

इस संबंध में थाना सवीना पर प्रकरण दर्ज कर आरोपी के खिलाफ आरपीजीओ, भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा आईटी एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी कब से इस गतिविधि में संलिप्त था और उसके साथ अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लिंक खंगाले जा रहे हैं।

Related post