जमीन से सोना निकालने का झांसा देकर 60 लाख की ठगी, धोखाधड़ी से बने मकान को पुलिस ने कराया कुर्क


इन्द्रदास वैष्णव
गोवर्धनविलास थाना पुलिस ने जमीन से सोना निकालने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए धोखाधड़ी की रकम से बनाए गए मकान को कुर्क कराया है। यह कार्रवाई माननीय न्यायालय के आदेश पर धारा 107 बीएनएसएस के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी इन्द्रदास वैष्णव पुत्र गणेशदास वैष्णव निवासी नाहरमगरा, थाना डबोक ने प्रार्थी सत्यनारायण सुथार एवं उसके मित्र को जमीन में दबा सोना निकालने की कथित शक्तियों का दावा कर धोखाधड़ी की। आरोपी ने इस ठगी से प्राप्त रकम से ग्राम धूणी माता, थाना डबोक क्षेत्र में एक नया मकान बनवाया था, जिसे अब कुर्क किया गया है।
पूजा के नाम पर महीनों तक ठगी
प्रकरण के अनुसार, 18 जुलाई 2025 को सत्यनारायण सुथार निवासी पोतला, जिला भीलवाड़ा ने गोवर्धनविलास थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि जनवरी 2024 में वह अपने मित्र राहुल सालवी के साथ उदयपुर घूमने आया था। इस दौरान बलीचा, अहमदाबाद बाइपास पर उसकी मुलाकात इन्द्रदास वैष्णव से हुई।
आरोपी ने स्वयं को जमीन में गड़ा सोना बताने की शक्ति वाला बताते हुए प्रार्थी की जमीन से सोना निकालने का दावा किया। उसने पूजा-पाठ के नाम पर अलग-अलग तरीकों से अनुष्ठान करवाए और प्रत्येक व्यक्ति से मोटी रकम वसूलने की बात कही।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कई महीनों तक पूजा के नाम पर प्रार्थी और उसके मित्र से अलग-अलग किश्तों में करीब 60 लाख रुपये नकद और लगभग 30.50 ग्राम सोना हड़प लिया।
पुलिस की सख्त कार्रवाई


मामले में धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात के आरोपों में केस दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया। जांच के दौरान ठगी की रकम से बने मकान को चिन्हित कर न्यायालय में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया, जिसके बाद कुर्की की कार्रवाई की गई।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि इस प्रकार के झांसे, तंत्र-मंत्र या जमीन से धन निकालने के दावों से सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।









