राजपूत महासभा संस्थान ने राष्ट्रीय पदक विजेता कृष्णा कंवर गहलोत का किया सम्मान

 राजपूत महासभा संस्थान ने राष्ट्रीय पदक विजेता कृष्णा कंवर गहलोत का किया सम्मान

राजपूत महासभा संस्थान, उदयपुर की ओर से राष्ट्रीय आइस स्केटिंग प्रतियोगिता में दो पदक जीतकर इतिहास रचने वाली होनहार खिलाड़ी कृष्णा कंवर गहलोत के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज के गणमान्यजनों ने उनकी उपलब्धि को न केवल उदयपुर बल्कि पूरे राजस्थान के लिए गर्व का विषय बताया।

समारोह में संस्थान के महासचिव प्रदीप सिंह भाटी ने कृष्णा कंवर को ₹11,000 की प्रोत्साहन राशि का चेक प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। वहीं संस्थान अध्यक्ष संत सिंह भाटी ने उन्हें 51 किलो की विशाल माला पहनाकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर समाजसेवी मंजीत सिंह ने कृष्णा कंवर की शादी सामूहिक विवाह सम्मेलन के माध्यम से संपन्न कराने का विचार व्यक्त किया, जिसे उपस्थितजनों ने एक सराहनीय सामाजिक पहल बताया।

कार्यक्रम के दौरान कृष्णा कंवर गहलोत ने कहा कि उन्हें राजपूत महासभा संस्थान पर गर्व है, जो समाज की बेटियों को आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने के लिए लगातार प्रेरित करता है।

समारोह में वरिष्ठ उपाध्यक्ष जयसिंह पंवार, उपाध्यक्ष शेरसिंह राठौड़, प्रचार-प्रसार सचिव भगवत सिंह कृष्णावत, सह-कोषाध्यक्ष दलपत सिंह चौहान, उप संगठन सचिव प्रभात सिंह राठौड़, उप प्रचार-प्रसार सचिव नरेंद्र सिंह सोलंकी, संगठन सचिव लोकराज सिंह चौहान, महिला समिति अध्यक्ष रेखा चुण्डावत, महिला एवं बाल विकास समिति की मनीषा राठौड़, सह संयोजक राजेंद्र सिंह भाटी सहित अनेक पदाधिकारी व समाजजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन राजेंद्र सिंह भाटी ने किया।

Related post