एनएच-76 पर पलटे वाहन से 436 किलो डोडा चूरा बरामद


अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चल रहे अभियान के दौरान प्रतापनगर थाना क्षेत्र में एक स्कॉर्पियो वाहन से डोडा चूरा मिलने का मामला सामने आया। पुलिस को इस संबंध में मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके आधार पर राष्ट्रीय राजमार्ग-76 पर एक ढाबे के पास गुजरात पंजीकरण की स्कॉर्पियो वाहन पलटी हुई अवस्था में मिली।
पुलिस के अनुसार वाहन में प्लास्टिक कट्टों में भरा कुल 436.350 किलोग्राम डोडा चूरा मिला। वाहन की तलाशी के दौरान एक अवैध देशी पिस्टल और छह कारतूस भी बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद उसमें सवार लोग रात के समय मौके से फरार हो गए।
इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट, बीएनएस और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस फरार व्यक्तियों की तलाश कर रही है तथा मादक पदार्थ की आपूर्ति से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।









