उदयपुर पुलिस की बड़ी कार्यवाही: अनैतिक देह व्यापार में 39 आरोपी गिरफ्तार


पर्यटन नगरी उदयपुर में अनैतिक गतिविधियों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई के तहत 31 युवक और 8 युवतियों सहित कुल 39 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई में हैरिटेज रिसोर्ट होटल इन्द्रप्रस्थ, विस्मा में चल रही रेव पार्टी और वैश्यावृत्ति का भंडाफोड़ किया गया।
जिला पुलिस अधीक्षक श्री योगेश गोयल के दिशा-निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री गोपाल स्वरूप मेवाड़ा और पुलिस उप अधीक्षक श्री गोपाल चन्देल की टीम ने सूचना तंत्र के माध्यम से छापा मारकर मुख्य आरोपी राजेश शर्मा, ऋषभ राजपूत और होटल संचालक मूला राम को भी गिरफ्तार किया।
पुलिस ने मौके से शराब, साउंड सिस्टम, टैबलेट, और अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की। आरोपियों के खिलाफ पीटा एक्ट, एक्साइज एक्ट और ध्वनि प्रदूषण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को आज माननीय न्यायालय, गोगुन्दा के समक्ष पेश किया गया।
उदयपुर पुलिस का कहना है कि पर्यटन नगरी को स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखना प्राथमिकता है, और ऐसे अपराधों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।









