सामूहिक दुष्कर्म मामले में दो आरोपी गिरफ्तार


सुखेर थाना पुलिस ने फार्म हाउस में एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म मामले में 2 लोगो को गिरफ्तार किया है, पीडिता मुंबई निवासी एक महिला ने सुखेर थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि उसे इवेंट मैनेजमेंट में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उदयपुर बुलाया गया और बाद में उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
पीड़िता ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई कि करीब एक महीने पहले करण नामक व्यक्ति ने उसे फोन कर बताया कि उसका उदयपुर में मैरिज गार्डन होटल है और उसे इवेंट का काम करने वालों की आवश्यकता है। इसके बाद करण ने महिला को नौकरी के लिए उदयपुर बुलाया और एक सुनसान इलाके में स्थित फार्महाउस में ठहराया।
शिकायत के मुताबिक, लगभग 10 दिन बाद करण ने उसे काम पर भेजने के बहाने एक अनजान व्यक्ति के साथ भेजा और गलत काम करने के लिए दबाव डाला, जिसका उसने विरोध किया। इससे नाराज होकर करण ने उसे फार्महाउस में बंद कर दिया। दिनांक 12 जनवरी 2026 की रात करीब 2 बजे करण अपने साथी हितेश और नौकर भूरा के साथ महिला के कमरे में आया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर श्री योगेश गोयल ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री उमेश ओझा एवं वृत्ताधिकारी नगर पश्चिम श्री राजेश यादव के सुपरविजन में थाना सुखेर के थानाधिकारी श्री रविंद्र चारण तथा प्रशिक्षु आरपीएस श्री जगदीश विश्नोई की टीम ने तकनीकी एवं आसूचना आधारित कार्रवाई करते हुए आरोपी करण सिंह (निवासी पड़ावली, गोगुंदा) और हितेश (निवासी रणोली, सागवाड़ा, डूंगरपुर) को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि पीड़िता एस्कॉर्ट सर्विस में लिप्त हो कर करीब एक माह पूर्व मुंबई से फ्लाइट द्वारा उदयपुर आई थी। फिलहाल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।









