खेल गांव में ‘टफेस्ट फायर फाइटर अलाइव’ प्रतियोगिता – साहस और फिटनेस की कड़ी परीक्षा


खेल गांव, उदयपुर में अग्निशमन कर्मियों की शारीरिक क्षमता, साहस एवं धैर्य की कड़ी परीक्षा लेने वाली टफेस्ट फायर फाइटर अलाइव प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों से आए फायर फाइटर्स ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी दक्षता का प्रदर्शन कर रहे।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह प्रतियोगिता अग्निशमन कर्मियों को वास्तविक आपात परिस्थितियों के लिए मानसिक व शारीरिक रूप से तैयार करने के उद्देश्य से आयोजित की गई। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों को भारी उपकरणों के साथ सीढ़ी दौड़, होज़ हैंडलिंग, अवरोध पार करना, वजन उठाने जैसी चुनौतीपूर्ण गतिविधियों से गुजरना पड़ा।


उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी फायर फाइटर्स ने उच्च स्तर की फिटनेस, अनुशासन एवं टीम वर्क का परिचय दिया। ऐसे आयोजन न केवल अग्निशमन कर्मियों की कार्यकुशलता को बढ़ाते हैं, बल्कि आपदा प्रबंधन के दौरान त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के लिए भी प्रेरित करते हैं।
प्रतियोगिता को देखने के लिए बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे, जिन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजन के अंत में सफल प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने भविष्य में भी इस प्रकार की प्रतियोगिताओं के आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।









